महिला को चोटी पकड़कर सड़क पर घसीटा, लाठी-डंडों से पिटाई; वीडियो वायरल
सीधी- जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बहरी बाजार से सामने आए एक वायरल वीडियो ने महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेआम एक महिला को चोटी पकड़कर सड़क पर घसीटने और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आया है।
बताया जा रहा है कि विवाद दुकान (गोमती) लगाने को लेकर हुआ। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति महिला की चोटी पकड़कर उसे सड़क पर घसीट रहा है, जबकि दूसरे लोग मौके पर मौजूद होने के बावजूद मूकदर्शक बने रहे।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता हेम सिंह (26) ने बताया कि वह बहरी बाजार में सब्जी की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। आरोप है कि दुकान लगाने के दौरान संतोष पाठक और राहुल दुबे ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसे जमीन पर गिराकर लात-डंडों से पीटा गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि संतोष पाठक द्वारा पिछले कई महीनों से उसके साथ छेड़खानी की जा रही थी और गलत नीयत रखी जा रही थी। पीड़िता का कहना है कि उसे अनैतिक काम के लिए मजबूर किया जा रहा था और इनकार करने पर दुकान न लगाने देने की धमकी दी जाती थी।
पहले भी की थी शिकायत, नहीं हुई सुनवाई
पीड़िता का दावा है कि उसने इस संबंध में 2 से 3 बार बहरी थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन केवल आवेदन लेकर मामले को टाल दिया गया। न तो FIR दर्ज की गई और न ही किसी तरह की जांच की गई। महिला का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती, तो यह घटना नहीं होती।
आरोपी ने दी सफाई
वहीं, आरोपी संतोष पाठक ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में दावा किया है कि महिला उसकी जमीन पर दुकान लगा रही थी और उसने आत्मरक्षा में यह कदम उठाया। हालांकि, वायरल वीडियो में दिख रही क्रूरता उसके दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि एक ओर सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं के साथ सरेआम अत्याचार हो रहा है। उन्होंने बहरी थाना प्रभारी को हटाने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन पर बढ़ा दबाव
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। अब देखना यह होगा कि क्या पीड़िता को न्याय मिल पाएगा और क्या जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

No comments:
Post a Comment