रिपोर्ट नवनीत गुप्ता
फार्मर आईडी बनाने में लापरवाही, 9 पटवारियों को नोटिस
दो दिन में मांगा जवाब, वेतन वृद्धि रोकने और विभागीय जांच की चेतावनी
कटनी, 27 अगस्त। किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर आईडी बनाने के लिए दिए जा रहे निर्देशों के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर तहसील स्लीमनाबाद के नौ हल्का पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। तहसीलदार स्लीमनाबाद ने संबंधित पटवारियों से दो दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन द्वारा ‘एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान’ के तहत 25 अगस्त को आयोजित कैंप में फार्मर आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें कुछ पटवारियों के क्षेत्र में शून्य अथवा अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
इन पटवारियों को नोटिस
नोटिस पाने वालों में हल्का भेड़ा की पटवारी नेहा मिश्रा, हल्का मवई एवं चरगवां के पटवारी अनंत गुप्ता, हल्का पौनिया एवं सैलारपुर के पटवारी शांतनु गोरे, हल्का सरसवाही के पटवारी दिलराज सिंह, हल्का पहरूआ के पटवारी महेन्द्र मिश्रा, हल्का बंधी एवं धूरी के पटवारी योगेन्द्र सिंह, हल्का सलैयाफाटक एवं भूला के पटवारी देवलाल पटेल, हल्का कनौजा की पटवारी सुकन्या पाण्डेय तथा हल्का गुदरी की पटवारी किरन सेन शामिल हैं।
दो दिन में देना होगा जवाब
तहसीलदार द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित पटवारियों को फार्मर आईडी निर्माण में तेजी लाने के लिए बार-बार निर्देश दिए गए, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। नोटिस में इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना बताया गया है।
संबंधित पटवारियों को दो दिवस के भीतर समक्ष में उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने या जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वेतन वृद्धि रोकने की भी चेतावनी
नोटिस में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3(1) के उपनियम (एक), (दो) एवं (तीन) के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है। साथ ही मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत वेतन वृद्धि रोकने तथा विभागीय जांच की कार्रवाई प्रस्तावित किए जाने की चेतावनी दी गई है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने अभियान चलाकर जिले में शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बनाने के निर्देश दिए हैं।

No comments:
Post a Comment