कटनी के कुठला थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। आज सुबह लगभग 10 बजे प्रयागराज से जबलपुर जा रहा आलू से भरा 6 चक्का ट्रक इन्द्रानगर बाईपास स्थित जबलपुर रोड के पुल पर अचानक स्टेरिंग फेल होने से अनियंत्रित होकर करीब पुल से नीचे जा गिरा। हादसे में ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज से जबलपुर जा रहे आलू से लदे ट्रक क्रमांक MH40DC3427 का स्टेरिंग अचानक फेल हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक पुल से नीचे पलट गया। हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए और आलू की बोरियां सड़क पर बिखर गईं।
हादसे में चालक और क्लीनर घायल हो गए। मौके पर पहुंची कुठला पुलिस ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चालक को मामूली चोट होने के कारण छुट्टी दे दी गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
इस हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि जिस समय ट्रक पुल से नीचे गिरा, उस समय नीचे बनी कनेक्टिंग रोड से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। यदि वहां से कोई वाहन निकल रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

No comments:
Post a Comment