शाल्या होटल संचालक पर जानलेवा फायरिंग, चार आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार - News Bharat

Breaking

Thursday, October 22, 2026

शाल्या होटल संचालक पर जानलेवा फायरिंग, चार आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

                                     


रिपोर्ट नवनीत गुप्ता 

शाल्या होटल संचालक पर जानलेवा फायरिंग, चार आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

कमरा देने से इनकार करने पर होटल में गाली-गलौज, कट्टे से चलाई गोली; वारदात में प्रयुक्त कट्टा और दो मोटरसाइकिलें जब्त

कटनी। इंद्रानगर स्थित शाल्या होटल में कमरा बुक कराने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। कमरा देने से इनकार करने पर आरोपियों ने होटल संचालक प्रेमशंकर राय के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान मुख्य आरोपी सुनील यादव ने कथित तौर पर कट्टे से जानलेवा फायर कर दिया। संचालक के झुक जाने से गोली उन्हें नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद फरार हुए चारों आरोपियों को कुठला पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, जयप्रकाश वार्ड, नई बस्ती निवासी 56 वर्षीय प्रेमशंकर राय ने शिकायत दर्ज कराई कि 21 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे सुनील यादव अपने तीन साथियों के साथ होटल में कमरा बुक कराने पहुंचा था। कमरा देने से मना करने पर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान सुनील ने कट्टा निकालकर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। गोली बगल से निकल गई। इसके बाद आरोपियों ने होटल संचालक के साथ झूमाझटकी और मारपीट की तथा मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुठला पुलिस ने अपराध क्रमांक 930/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया।

पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए पुलिस टीमों ने पन्ना जिले के अमानगंज सहित अन्य स्थानों पर तलाश की और कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को पकड़ लिया।

ये चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील यादव (32), निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली पन्ना, हाल निवासी इंद्रानगर गली नंबर-9, कटनी; पवन यादव (18), निवासी ग्राम गनियारी, थाना सेमरिया, जिला पन्ना; जयपाल उर्फ मुन्ना यादव (25) तथा ब्रजेश यादव (24), दोनों निवासी ग्राम डोभा, जिला पन्ना, को गिरफ्तार किया है।

कट्टा और दो मोटरसाइकिलें जब्त

पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील यादव के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया कट्टा जब्त किया है। इसके अलावा घटना के बाद भागने में प्रयुक्त पल्सर और अपाचे मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी अखलेश दाहिया सहित उपनिरीक्षक विनोद सिंह, सहायक उपनिरीक्षक श्याम सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आलोक तिवारी, ताहिर खान तथा आरक्षक पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, विजय प्रजापति, विजय राणा, बुद्धू कुमार, मनोज सिंह, शिशिर पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।

No comments:

Post a Comment