रिपोर्ट नवनीत गुप्ता
कटनी। इंद्रानगर में जेवरात व नगदी चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, चोरी का माल बरामद
कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में इंद्रानगर निवासी 24 वर्षीय लाला उर्फ मुकेश निषाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात एवं नगदी बरामद कर विधिवत जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथी मोहित के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
जानकारी के मुताबिक, इंद्रानगर गली नंबर-1 निवासी राकेश केशरवानी 12 सितंबर की शाम पत्नी और बच्चों के साथ घर से बाहर गए थे। रात करीब 12:30 बजे उनकी पत्नी ने घर से कुछ टूटने जैसी आवाज आने की जानकारी दी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। करीब 1 बजे वापस लौटने पर घर का बाहरी ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी का लॉक भी टूटा था और सामान बिखरा हुआ था।
जांच में आलमारी में रखी सोने की चैन, लॉकेट, पंचाली, अंगूठी, बच्चों के सोने के लॉकेट, चांदी के आभूषण व बर्तन तथा नगदी रकम चोरी होना पाया गया। शिकायत पर कुठला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 832/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 21 सितंबर को इंद्रानगर गली नंबर-6 निवासी लाला उर्फ मुकेश निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मोहित के साथ चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात एवं नगदी बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में आरोपी के साथी मोहित की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका: कार्रवाई थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक श्यामनारायण सिंह, प्रधान आरक्षक रामेश्वर सिंह, अजय यादव, राहुल मिश्रा, मोनी गुप्ता, आरक्षक विजय प्रजापति, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment