कटनी- विजयराघवगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 54 लीटर अवैध शराब जब्त, शराब तस्करी के आरोप में एक गिरफ्तार, दूसरा आरोपी मौके से फरार
अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 लीटर अवैध देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे की टीम द्वारा 14 सितंबर को कस्बे एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण किया जा रहा था।
इसी दौरान विजयराघवगढ़ से टीकर आम रोड पर पुलिस टीम को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति दिखाई दिए। उनके पास प्लास्टिक की बोरियां थीं। पुलिस को देखकर दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल और शराब से भरी बोरियां छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर पीछे बैठे आरोपी ओमप्रकाश उर्फ छोटू बर्मन, उम्र 29 वर्ष, निवासी शारदा मंदिर ग्राउंड के पास विजयराघवगढ़ को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 पेटी देशी प्लेन शराब, कुल 300 पाव यानी 54 लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत 54 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उक्त शराब दीपक उर्फ पंडा जायसवाल, निवासी विजयराघवगढ़ की है और दोनों इसे टीकर क्षेत्र में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। वहीं आरोपी दीपक उर्फ पंडा जायसवाल मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सहायक उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, सहायक उपनिरीक्षक संतोष स्वामी, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक नीलेश सिंह, आरक्षक पारस पटेल तथा प्रधान आरक्षक चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment