रिपोर्ट- नवनीत गुप्ता
मतदाता सूची के मुद्दे पर कांग्रेस का जोरदार पैदल मार्च
‘वोट चोर–गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा कटनी, चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन
कटनी। मतदाता सूची में पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता की मांग को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला और ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पुरानी कचहरी स्थित लक्ष्मीबाई स्मारक के पास एकत्र हुए और शहर के प्रमुख मार्गों से पैदल मार्च निकाला।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर–गद्दी छोड़’, ‘मोदी-अमित शाह होश में आओ’ और ‘चुनाव आयोग को बर्खास्त करो’ जैसे नारे लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग का प्रतीकात्मक पुतला बेड़ियों में जकड़कर विरोध जताया और बाद में पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए झड़प की स्थिति बनी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का भी इस्तेमाल किया। इसके बावजूद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन पर डटे रहे।
प्रदर्शन में विजयराघवगढ़ और बहोरीबंद सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है और इसमें पारदर्शिता जरूरी है। ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि मतदाता सूची एवं चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब मिलना चाहिए। कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर अपना लोकतांत्रिक संघर्ष आगे भी जारी रखने की बात कही।

No comments:
Post a Comment