बंगाली कॉलोनी में 45 लाख की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
कटनी, 22 जून। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा संत कंवरराम वार्ड अंतर्गत बंगाली कॉलोनी में लगभग 45 लाख रुपये की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं वार्ड पार्षद गोविंद चावला ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चमनलाल आनंद, पूर्व पार्षद राजकुमार माखीजा, महेश होतवानी, मंडल महामंत्री सतीश मोटवानी, समाजसेवी मोहनलाल नागवानी, सोनल आडवाणी, खुख्खू राय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क एवं नाली जैसी आधारभूत सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होती हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन एवं जल निकासी की सुविधा प्राप्त होगी।
नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाली कॉलोनी में प्रीति इलेक्ट्रॉनिक्स से माता मंदिर होते हुए सामुदायिक भवन तक 28.66 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड तथा 16.06 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा। दोनों कार्यों पर कुल 44.72 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
वार्ड पार्षद गोविंद चावला ने निर्माण कार्यों के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा इन कार्यों की मांग की जा रही थी। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा वर्षा ऋतु में जलभराव और गंदे पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
कार्यक्रम में निगम के अधिकारी-कर्मचारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment