भूमिपूजन के दो माह बाद भी शुरू नहीं हुआ 200 मीटर सड़क निर्माण, हल्की बारिश में ही बढ़ीं लोगों की मुश्किलें
कटनी। नगर निगम के इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 4 स्थित मोहन नगर में 200 मीटर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन हुए करीब दो माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि ठेकेदार, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम अधिकारियों की उदासीनता के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण नहीं होने से हल्की बारिश में ही सड़क कीचड़ और जलभराव से भर जाती है। इससे पैदल चलने वाले लोगों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई स्थानों पर फिसलन की स्थिति बन जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
रहवासियों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन बड़े उत्साह के साथ किया गया था और जल्द निर्माण शुरू होने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन दो माह बीतने के बाद भी मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इससे लोगों में नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि बरसात के दौरान लोगों को राहत मिल सके। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

No comments:
Post a Comment