चंद घंटों में चोरी का ट्रक बरामद, कुठला पुलिस की त्वरित कार्रवाई - News Bharat

Breaking

Friday, July 10, 2026

चंद घंटों में चोरी का ट्रक बरामद, कुठला पुलिस की त्वरित कार्रवाई

                               



कटनी- कुठला थाना पुलिस ने ट्रक चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी हुए करीब 13 लाख रुपये कीमत के टाटा 709 मिनी ट्रक को चंद घंटों के भीतर बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।


पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।


पुलिस के अनुसार, प्रार्थी यश नामदेव (20 वर्ष), निवासी पुरैनी, थाना कुठला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह टाटा 709 मिनी ट्रक (मोबाइल क्रेन) क्रमांक GJ05BZ9174 में हेल्पर के रूप में कार्य करता है। 8 जुलाई की रात चालक प्रकाश साहू के साथ ट्रक को एचपी पेट्रोल पंप के सामने पुरैनी रोड किनारे खड़ा किया गया था, जिसे रात में अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।


रिपोर्ट के आधार पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 587/26 के तहत धारा 305(बी) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से ट्रक की लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम बड़खेरा बिहला मोड़ के कच्चे मार्ग से चोरी गया ट्रक बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया। वाहन की पहचान वाहन स्वामी एवं साक्षियों द्वारा की गई।


पुलिस ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment