कटनी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुठला थाना पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1 किलो 295 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में समाज को नशामुक्त बनाने एवं अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 की रात्रि कस्बा क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान अमराडांड मोड़ स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास एक युवक पुलिस को देखकर घबराकर अपने पास रखी थैली छिपाने और स्वयं भी छिपने का प्रयास करने लगा। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। राहगीर साक्षियों की मौजूदगी में पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मंगतराम पटेल उर्फ गुलसन (34 वर्ष), निवासी हरदुआ, थाना कुठला, जिला कटनी बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से काले रंग की पॉलिथीन में रखा 1 किलो 295 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजा हरे रंग का कलीयुक्त, पत्तीदार एवं बीजयुक्त था, जिसकी तीक्ष्ण गंध के आधार पर पहचान की गई। विधिवत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 623/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया।
पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में उप निरीक्षक अनिल यादव, प्रधान आरक्षक अजय यादव, आरक्षक विजय प्रजापति सहित थाना कुठला के अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment