नवनीत गुप्ता
कटनी: प्रबंध संचालक पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने ली समीक्षा बैठक, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
आज दिनांक 13 अप्रैल 2026 को म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता द्वारा वृत्त कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संचा-संधा वृत्त, शहर संभाग, संचा-संधा संभाग, दक्षिण संभाग, प्रवर्तन संभाग एवं एसटीएम-एसटीसी संभाग कटनी के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कंपनी मुख्यालय जबलपुर से मुख्य महाप्रबंधक (कार्य) संजय भागवतकर, मुख्य अभियंता एस. के. गिरिया, मुख्य महाप्रबंधक (संचा-संधा) संजय निगम, महाप्रबंधक (आरडीएसएस) नीरज कुचया एवं अधीक्षण अभियंता कटनी डी.एन. चौकीकर सहित शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के समस्त कार्यपालन अभियंता उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान राजस्व संग्रहण, समाधान योजना, आरडीएसएस योजना, वर्ष 2025-26 के वर्क प्लान, फेल ट्रांसफार्मर, विद्युत आपूर्ति, मेंटेनेंस, बकाया वसूली एवं स्मार्ट मीटर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
इस दौरान कम राजस्व संग्रहण एवं समाधान योजना की धीमी प्रगति पर प्रबंध संचालक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में त्वरित प्रगति सुनिश्चित की जाए और निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूर्ण किया जाए।
प्रबंध संचालक ने सभी कार्यपालन एवं अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से फील्ड में भ्रमण कर शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा राजस्व संग्रहण एवं समाधान योजना में तेजी लाएं।
बैठक के पश्चात प्रबंध संचालक द्वारा आरडीएसएस योजना अंतर्गत निर्माणाधीन 33/11 केव्ही खिरहनी उपकेंद्र का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित ठेकेदारों को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने एवं सभी लंबित कार्य 30 अप्रैल 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कार्यपालन अभियंता (शहर) मुकेश मोहबे, संचा-संधा संभाग के शरद विश्वकर्मा, दक्षिण संभाग की श्रीमती शैलजा सिंह चौहान, एसटीएम-एसटीसी संभाग की श्रीमती सुशीला सिंह मसराम एवं विजिलेंस संभाग के सिद्वान्त श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment