रिपोर्टर- नवनीत गुप्ता
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने यातायात पुलिस का पैदल निरीक्षण अभियान
कटनी शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं यातायात निरीक्षक अनूप सिंह द्वारा देर रात्रि शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त चौराहों का पैदल भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया।
इस दौरान यातायात पुलिस की टीम ने अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को हटवाया और नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर चालानी एवं ई-चालान की कार्रवाई की। साथ ही आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्क करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की समझाइश भी दी गई।
निरीक्षण के दौरान सड़क पर लगाए गए डिवाइडर कोन एवं यातायात संकेतकों को भी व्यवस्थित कराया गया, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक सुचारु बनाई जा सके। यातायात निरीक्षक अनूप सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था संभालते दिखाई दिए।
इस अभियान में यातायात सूबेदार सोनम उइके, उप निरीक्षक अशोक सिंह, आरक्षक राजकुमार सहित यातायात थाना के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
कटनी पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े न करें और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

No comments:
Post a Comment