सेवा, समर्पण और अनुशासन की मिसाल रहे राजेन्द्र मिश्रा हुए सेवानिवृत्त
कटनी। पुलिस विभाग में लगभग 42 वर्षों की उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाएं देने के बाद थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेन्द्र मिश्रा को शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम कटनी में आयोजित गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया सहित जिले के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त अधिकारी के परिजन उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि निरीक्षक राजेन्द्र मिश्रा ने अपने लंबे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा की मिसाल कायम की है। उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली से वर्तमान पुलिस बल को निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सेवानिवृत्त अधिकारी के अनुभवों से सीख लेकर अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन करने का आह्वान किया।
निरीक्षक राजेन्द्र मिश्रा ने 7 जनवरी 1983 को पुलिस विभाग में अपनी सेवायात्रा प्रारंभ की थी। चार दशक से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अपने उद्बोधन में निरीक्षक मिश्रा ने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर है। उनके अनुभवों को उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गंभीरता और सम्मान के साथ सुना।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया ने सेवानिवृत्त अधिकारी को उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस परिवार भविष्य में भी उनके साथ खड़ा रहेगा और हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।

No comments:
Post a Comment